RBSE Solutions for Class 11 Economics Chapter 23 भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की स्थिति

हेलो स्टूडेंट्स, यहां हमने राजस्थान बोर्ड Class 11 Economics Chapter 23 भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की स्थिति सॉल्यूशंस को दिया हैं। यह solutions स्टूडेंट के परीक्षा में बहुत सहायक होंगे | Student RBSE solutions for Class 11 Economics Chapter 23 भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की स्थिति pdf Download करे| RBSE solutions for Class 11 Economics Chapter 23 भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की स्थिति notes will help you.

Rajasthan Board RBSE Class 11 Economics Chapter 23 भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की स्थिति

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 पाठ्यपुस्तक के प्रश्नोत्तर  

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 वस्तुनिष्ठ प्रश्न

प्रश्न 1.
क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा राज्य है
(अ) उत्तर प्रदेश
(ब) मध्य प्रदेश
(स) राजस्थान
(द) बिहार
उत्तर:
(स) राजस्थान

प्रश्न 2.
राजस्थान में रेगिस्तान का प्रतिशत हिस्सा है
(अ) 27%
(ब) 61%
(स) 40%
(द) 50%
उत्तर:
(ब) 61%

प्रश्न 3.
राजस्थान की जनसंख्या 2011 की जनगणना के अनुसार है
(अ) 6.85 करोड़
(ब) 5.85 करोड़
(स) 6 करोड़
(द) 7 करोड़
उत्तर:
(अ) 6.85 करोड़

प्रश्न 4.
मार्च 2014 के अन्त तक राजस्थान में विद्युत उत्पादन की.क्षमता थी
(अ) 14371.61 मेगावाट
(ब) 5405.30 मेगावाट
(स) 11371.61 मेगावाट
(द) 15405.30 मेगावाट
उत्तर:
(अ) 14371.61 मेगावाट

प्रश्न 5.
2010-11 में राजस्थान में औसत जोत थी
(अ) 3.07 हैक्टेयर
(ब) 1.05 हैक्टेयर
(स) 3.88 हैक्टेयर
(द) 4.07 हैक्टेयर
उत्तर:
(अ) 3.07 हैक्टेयर

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
राजस्थान का क्षेत्रफल, भारत के क्षेत्रफल की तुलना में कितना प्रतिशत है?
उत्तर:
10.41%

प्रश्न 2.
खनिज सम्पदा की दृष्टि से राजस्थान का भारत में कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
दूसरा।

प्रश्न 3.
कौन-कौन से खनिजों के उत्पादन में राजस्थान का प्रथम स्थान है?
उत्तर:
सीसा, जस्ता व ताँबे के उत्पादन में।

प्रश्न 4.
माही बाँध राजस्थान के कौन-से जिले में स्थित है?
उत्तर:
बाँसवाड़ा जिले में।

प्रश्न 5.
तिलहन के उत्पादन में भारत की तुलना में राजस्थान का उत्पादन कितना है?
उत्तर:
1/8 भाग।

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
सकल घरेलू राज्य उत्पाद व शुद्ध घरेलू राज्य उत्पाद में क्या अन्तर है?
उत्तर:
सकल राज्य घरेलू उत्पाद :
राज्य की अर्थव्यवस्था के अन्तर्गत बिना दोहरी गणना किये हुए एक निश्चित अवधि में, एक वर्ष में समस्त अन्तिम वस्तुओं एवं सेवाओं के मौद्रिक मूल्य को सकल घरेलू राज्य उत्पाद कहते हैं।

शुद्ध घरेलू राज्य उत्पाद :
राज्य की अर्थव्यवस्था के अन्तर्गत बिना दोहरी गणना किये हुए एक निश्चित अवधि में एक वर्ष में समस्त अन्तिम वस्तुओं एवं सेवाओं के मौद्रिक मूल्य में से टूट-फूट तथा ह्रास घटाने के पश्चात् शेष की शुद्ध घरेलू राज्य उत्पाद कहते हैं।

प्रश्न 2.
राजस्थान की कृषि पर टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
राजस्थान एक कृषि प्रधान राज्य है जिसकी लगभग 70% आबादी कृषि पर निर्भर करती है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्त्वपूर्ण स्थान है जहाँ कुल राज्य आय का लगभग आधा भाग कृषि एवं उससे सम्बन्धित कार्य कलापों से प्राप्त होता है। कृषि उत्पादन में सिंचाई सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण है। राज्य में सतही जल स्रोतों की कमी है। वर्षा की विषमता एवं अभाव के कारण भूमिगत जल स्तर नीचे जा रहा है इसलिये कृषि का महत्त्व और अधिक हो जाता है।

प्रश्न 3.
राजस्थान की अर्थव्यवस्था पर भूमि व कृषि में क्या सम्बन्ध है?
उत्तर:
किसी राज्य के आर्थिक विकास के लिये प्राकृतिक संसाधनों का योगदान महत्त्वपूर्ण होता है। प्राकृतिक संसाधन के रूप में भूमि की मात्रा व किस्म का कृषि पर सीधा प्रभाव पड़ता है। कृषि राजस्थान की अर्थव्यवस्था में प्राणवायु की तरह है। मिट्टी की किस्म को ध्यान में रखकर ही फसलों का उत्पादन किया जाता है। भूमि का उपयोग अर्थव्यवस्था में प्राथमिक साधन के रूप में होता है।

प्रश्न 4.
औद्योगिक दृष्टि से राजस्थान की भारत में स्थिति बताइए।
उत्तर:
राजस्थान की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे प्रगति करने वाली तथा औद्योगिक दृष्टि से पिछड़ी हुई अर्थव्यवस्था है। परन्तु धीरे-धीरे राज्य में औद्योगिक वातावरण का माहौल तैयार करने में राज्य सरकार औद्योगिक नीतियाँ बनाकर प्रयत्नशील है। नवम्बर, 2015 में रिसर्जेन्ट राजस्थान के तहत देश-विदेश के उद्योगपतियों का सम्मेलन जयपुर में किया गया है। जिससे राज्य में निवेश का वातावरण बन सके। राज्य की अर्थव्यवस्था प्रायः कृषि पर प्राकृतिक रूप से निर्भर होने के कारण कृषि उत्पादन के घटने-बढ़ने पर राज्य की वृद्धि दर भी घटती-बढ़ती है।

प्रश्न 5.
भौगोलिक दृष्टि से राज्य में अर्थव्यवस्था पर एक संक्षिप्त लेख लिखिए।
उत्तर:
राजस्थान की आकृति समान्तर विषम चतुर्भुज आकार में है। इसका विस्तार लम्बाई में पश्चिम से पूर्व की ओर 869 किमी व उत्तर से दक्षिण की ओर 826 किमी है। जयपुर इसकी राजधानी है जो कि राज्य के पूर्व-मध्य भाग में स्थित है। राजस्थान के भरतपुर व धौलपुर की सीमा उत्तर प्रदेश से, भरतपुर, अलवर, जयपुर, सीकर, चुरू, झुन्झुनु की सीमा हरियाणा से, हनुमानगढ़, गंगानगर की सीमा पंजाब से तथा दक्षिण में डूंगरपुर, बाँसवाड़ा, जालौर, सिरोही की सीमा गुजरात से लगती है। बाँसवाड़ा, कोटा, बारा, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली की सीमा मध्य प्रदेश से लगती है।

प्रश्न 6.
राजस्थान की अर्थव्यवस्था में खनिज सम्पदा का महत्त्व बताइए।
उत्तर:
राजस्थान में खनिज पदार्थों का अथाह भण्डार है। यहाँ पर 39 किस्म के बड़े खनिज एवं 22 प्रकार के लघु खनिज पाये जाते हैं। देश में खनिज सम्पदा के भण्डारों की दृष्टि से राजस्थान का भारत में दूसरा स्थान है। प्रचलित कीमतों पर बनने से 1991-92 में 511 करोड़ ₹ की आमदनी हुई थी जो राज्य की शुद्ध घरेलू उत्पत्ति का 2% थी। वह 2013-14 में 21750 करोड़ र हो गई जो राज्य के शुद्ध घरेलू उत्पाद का 4.5% हिस्सा रही।

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 निबंधात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
राजस्थान का भारतीय अर्थव्यवस्था में स्थान निर्धारित कीजिये।
उत्तर:
वर्तमान में राजस्थान को भारतीय अर्थव्यवस्था का एक विकासशील राज्य माना जा सकता है। भारत के पश्चिम का यह राज्य कई विरोधाभासों से जुड़ा हुआ है। इसका आधे से अधिक भाग रेगिस्तान है। कृषि का अधिकांश हिस्सा वर्षा पर निर्भर है। उद्योग राज्य के कुछ ही क्षेत्रों में केन्द्रित हैं। राज्य की आधारभूत संरचना (बिजली, सड़क, परिवहन, दूरसंचार) तथा सामाजिक आधारभूत संरचना (शिक्षा, चिकित्सा, सफाई आदि) आज भी कमजोर स्थिति में है और भविष्य में इनके विकास किये जाने की प्रबल सम्भावनाएँ हैं। राजस्थान की अर्थव्यवस्था पिछड़ी होते हुए भी कई क्षेत्रों में राज्य का अग्रणी स्थान है। राजस्थान गैर विशिष्ट राज्यों की श्रेणी में आता है। आधारभूत ढाँचे के सापेक्ष विकास सूचकांक की दृष्टि से राजस्थान का 14वाँ स्थान है।

राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत उपभोग 2011-12 में लगभग 927.40 KWH रहा जो गुजरात के लगभग 1663.20 KWH की तुलना में बहुत नीचे है। इससे यह पता चलता है कि विद्युत उपभोग की दृष्टि से भी राज्य भारत के कई राज्यों से पीछे है। दिसम्बर 2014 के अन्त में राजस्थान के प्रति 100 वर्ग किमी क्षेत्रों पर सड़कों की लम्बाई 59.90 किमी रहने का अनुमान है जो कि राष्ट्रीय औसत 148 किमी की तुलना में कम है अतः राज्य की स्थिति इस क्षेत्र में भी सन्तोषजनक नहीं है। राज्य में सड़कों की लम्बाई गुजरात, हरियाणा व मध्य प्रदेश से कम है। मार्च 2013 के अन्त में राज्य में रेलमार्ग की लम्बाई 5871.65 किमी थी. जिसमें ब्रॉड गेज का अंश 4801.18 किमी, गेज का 983.71 किमी एवं शेष 86.76 किमी सकरी (नैरोगेज) का था। इस स्थिति को भी सन्तोषजनक नहीं कहा जा सकता है।

बैंकिंग सुविधाओं की दृष्टि से राज्य की स्थिति सन्तोषजनक कही जा सकती है। कृषि क्षेत्र में राज्य की स्थिति वर्षा पर निर्भर करती है। राज्य में औसत जोत का आकार 2010-11 में 3.07 हैक्टेयर पाया गया जबकि समस्त भारत में 1.15 हैक्टेयर रहा। कृषि जोत में भारत में राजस्थान का चतुर्थ स्थान रहा। 2009-10 में राजस्थान में भारत के कुल कृषि क्षेत्रफल का 11.3% पाया गया जिसमें राज्य का तीसरा स्थान पाया गया।

राई व सरसों में देश के कुल उत्पादन का आधा भाग राजस्थान में पाया गया है तथा तिलहन का 1/8 भाग राजस्थान में होता है। राजस्थान में 2012-13 में सकल सिंचित क्षेत्रफल, सकल कृषि क्षेत्रफल का लगभग 39.47% रहा था जो समस्त भारत की तुलना में बहुत कम पाया गया। राजस्थान खनिज की दृष्टि से विकसित राज्य है। राज्य में 39 किस्म के बड़े खनिज एवं 22 प्रकार के लघु खनिज पाये जाते हैं। देश में खनिज सम्पदा की दृष्टि से राज्य का दूसरा स्थान है। भारत के कुल उत्पादन में खनिज का 70% उत्पादन अकेले राजस्थान में होता है।

अत: उपर्युक्त विवेचन से स्पष्ट है राजस्थान की अर्थव्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था से काफी नीचे है। केवल कुछ ही क्षेत्रों में राजस्थान राज्य अग्रणी है। लेकिन विकास के पथ पर अग्रसर राजस्थान की अर्थव्यवस्था में बहुत परिवर्तन हुआ है।

प्रश्न 2.
भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि उद्योग व क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान का स्थान निर्धारित कीजिए।
उत्तर:
वर्तमान में राजस्थान को भारतीय अर्थव्यवस्था का एक विकासशील राज्य माना जा सकता है। भारत के पश्चिम का यह राज्य कई विरोधाभासों से जुड़ा है। इसके आधे-से-अधिक भाग रेगिस्तान है। कृषि का अधिकांश हिस्सा वर्षा पर निर्भर करता है। उद्योग राज्य के कुछ ही क्षेत्रों में केन्द्रित है। राजस्थान भारत का एक ऐसा राज्य है जो विकास की सीढ़ी पर आगे बढ़ने के लिये प्रयत्नशील है।

भारत में कृषि की दृष्टि से राजस्थान का स्थान :
राजस्थान एक कृषि प्रधान देश है जिसकी लगभग 70% आबादी कृषि पर निर्भर करती है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्त्वपूर्ण स्थान है जहाँ कुल राज्य आय का लगभग आधा भाग कृषि एवं उससे सम्बन्धित कार्यकलापों से प्राप्त होता है। 2009-10 में राजस्थान में भारत के कुल कृषि क्षेत्रफल का 11.3% पाया गया है जबकि भारत में राजस्थान का तीसरा स्थान रहा। कृषि जोतों का आकार राज्य में घट रहा है फिर भी भारत में राजस्थान का स्थान चतुर्थ पाया गया। प्रमुख फसलों के उत्पादन में राजस्थान देश के तिलहन उत्पादन की दृष्टि से एक महत्त्वपूर्ण राज्य के रूप में उभरा है। राई व सरसों के उत्पादन में राजस्थान अग्रणी राज्य हो गया है। देश के कुल उत्पादन का आधा भाग (राई व सरसों) राजस्थान में पाया जाता है। 2013-14 में खाद्यान्नों के उत्पादन की दृष्टि से राजस्थान का उत्पादन समस्त भारत के कुल उत्पादन का 7.5% रहा है।

भारत में उद्योग की दृष्टि से राजस्थान का स्थान :
भारतीय अर्थव्यवस्था में राजस्थान की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे प्रगति करने वाली तथा औद्योगिक दृष्टि से पिछड़ी हुई अर्थव्यवस्था है। परन्तु धीरे-धीरे राज्य में औद्योगिक वातावरण का माहौल तैयार करने में राज्य सरकार औद्योगिक नीतियाँ बनाकर प्रयत्नशील है। राजस्थान फैक्ट्री क्षेत्र में पिछड़ा हुआ राज्य है, लेकिन राज्य की स्थिति हथकरघा, दस्तकारी व ग्रामीण उद्योग में विशेष रूप से उल्लेखनीय है। राज्य रत्न व आभूषणों, गलीचों, दस्तकारी व हथकरघा आदि के सामान से निर्यात द्वारा काफी मात्रा में विदेशी मुद्रा अर्जित कर पाया है। गुजरात व महाराष्ट्र में फैक्ट्रियों की संख्या राजस्थान से लगभग 2(frac{1}{2}) गुणा अधिक है।

भारत में क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान :
राजस्थान का कुल क्षेत्रफल 342239 वर्ग किमी है जो भारत के कुल क्षेत्रफल का 10.41% है यानि कि लगभग 10वाँ भाग है जबकि गुजरात का क्षेत्रफल लगभग 6% एवं उत्तर प्रदेश के क्षेत्रफल लगभग 7.3% है। राजस्थान क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। राज्य के क्षेत्रफल का लगभग 61% भाग में मरुस्थल है। राजस्थान का क्षेत्रफल विश्व के कई देशों से भी बड़ा है।

प्रश्न 3.
भौगोलिक दृष्टि से राजस्थान बड़ा प्रान्त होने पर भी गुजरात व महाराष्ट्र से अर्थव्यवस्था में पिछड़ा हुआ है। स्पष्ट कीजिये।
उत्तर:
भौगोलिक दृष्टि से राजस्थान भारत का सबसे बड़ा प्रान्त है। लेकिन इसका अधिकांश हिस्सा रेगिस्तान है। राजस्थान का 61% भाग रेगिस्तान है। राजस्थान की भौगोलिक स्थिति के कारण इसकी विकास की गति उस व्यक्ति के समान है जो रेत में यात्रा करता है तथा जैसे-जैसे एक कदम आगे बढ़ाता है वैसे-वैसे थोड़ा पीछे हटना पड़ता है। इसलिये इस प्रदेश को अन्य राज्यों के बराबर आने के लिये अधिक समय व प्रयत्न की आवश्यकता है। राजस्थान गैर-विशिष्ट श्रेणी के राज्यों में आता है। राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत का उपभोग 2010-11 में अनुमानतः 844 kWh रहा जो गुजरात, पंजाब, हरियाणा की तुलना में कम रहा। राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत उपभोग 2011-12 में लगभग 927.40 kWh रहा जो गुजरात के लगभग 1663.20 kWh की तुलना में बहुत कम है।

राजस्थान औद्योगिक दृष्टि से भी पिछड़ा हुआ राज्य है। राज्य में फैक्ट्रियों की संख्या बहुत कम है जिससे विकास की गति नहीं बढ़ पायी है। गुजरात व महाराष्ट्र में फैक्ट्रियों की संख्या राजस्थान से लगभग 2(frac{1}{2}) गुणा अधिक है। इस कारण ये दोनों राज्य औद्योगिक दृष्टि से उन्नत राज्य है। राजस्थान का अधिकांश हिस्सा रेगिस्तानी होने के कारण खाली पड़ा हुआ है। जिसके कारण वहाँ खेती व फैक्ट्रियों के हिसाब ठीक नहीं है। अत: गुजरात और महाराष्ट्र में फैक्ट्रियाँ और प्राइवेट कम्पनियाँ होने के कारण वहाँ की अर्थव्यवस्था राजस्थान से अधिक विकसित है। लेकिन राज्य में धीरे-धीरे औद्योगिक वातावरण का माहौल तैयार करने में राज्य सरकार औद्योगिक नीतियाँ बनाकर प्रयत्नशील है। नवम्बर 2015 में रिसर्जेन्ट राजस्थान के तहत देश-विदेश के उद्योगपतियों का सम्मेलन जयपुर में किया गया है जिससे राज्य में निवेश का वातावरण बन सके।

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 अन्य महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 वस्तुनिष्ठ प्रश्न

प्रश्न 1.
उत्तर प्रदेश की सीमा से राजस्थान का कौन-सा जिला लगता है?
(अ) भरतपुर
(ब) सवाई माधोपुर
(स) करौली
(द) ये सभी
उत्तर:
(अ) भरतपुर

प्रश्न 2.
राजस्थान का डूंगरपुर जिला किस राज्य की सीमा से लगता है?
(अ) गुजरात
(ब) पंजाब
(स) मध्य प्रदेश
(द) ये सभी
उत्तर:
(अ) गुजरात

प्रश्न 3.
राजस्थान की राजधानी है
(अ) उदयपुर
(ब) जोधपुर
(स) जयपुर
(द) बीकानेर
उत्तर:
(स) जयपुर

प्रश्न 4.
राजस्थान का क्षेत्रफल इजरायल से कितना अधिक है?
(अ) 16 गुना
(ब) 20 गुना
(स) 5 गुना
(द) 27 गुना
उत्तर:
(अ) 16 गुना

प्रश्न 5.
राजस्थान की जनसंख्या भारत की जनसंख्या का कितना प्रतिशत है?
(अ) 5.7%
(ब) 7.5%
(स) 17.7%
(द) 21.3%
उत्तर:
(अ) 5.7%

प्रश्न 6.
राजस्थान में परमाणु ऊर्जा संयन्त्र है
(अ) सिंगरौली
(ब) रिहन्द
(स) दादरी
(द) ये सभी
उत्तर:
(द) ये सभी

प्रश्न 7.
राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत का उपभोग है
(अ) 927.40 kWh
(ब) 133.60 kWh
(स) 1628.30 kWh
(द) 883.60 kWh
उत्तर:
(अ) 927.40 kWh

प्रश्न 8.
राजस्थान में महिलाओं की साक्षरता का प्रतिशत है
(अ) 66.1%
(ब) 79.2%
(स) 52.1%
(द) 82.4%
उत्तर:
(स) 52.1%

प्रश्न 9.
2014 के अन्त में राज्य में एलोपैथिक मेडिकल संस्थानों की कुल संख्या है
(अ) 17543
(ब) 15473
(स) 14408
(द) 8584
उत्तर:
(अ) 17543

प्रश्न 10.
2009-10 में राजस्थान में भारत के कुल कृषि क्षेत्रफल का कितना प्रतिशत पाया गया?
(अ) 11.3%
(ब) 10.04%
(स) 5.7%
(द) 7.5%
उत्तर:
(अ) 11.3%

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
राजस्थान का कितना भाग रेगिस्तान है?
उत्तर:
आधे से अधिक भाग (61% भाग)

प्रश्न 2.
राजस्थान की लम्बाई पश्चिम से पूर्व की ओर कितनी है?
उत्तर:
869 किमी।

प्रश्न 3.
राजस्थान का उत्तर से दक्षिण की ओर कितना विस्तार है?
उत्तर:
826 किमी।

प्रश्न 4.
राजस्थान का क्षेत्रफल कितना है?
उत्तर:
3,42,239 वर्ग किमी।

प्रश्न 5.
राजस्थान का क्षेत्रफल की दृष्टि से देश में कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
प्रथमा

प्रश्न 6.
राजस्थान में कितने जिले हैं?
उत्तर:
33 जिले हैं।

प्रश्न 7.
राजस्थान में कितने संभाग हैं?
उत्तर:
7 संभाग हैं।

प्रश्न 8.
राजस्थान में कितनी तहसीलें हैं?
उत्तर:
814 तहसीलें हैं।

प्रश्न 9.
राजस्थान में कितने जिला परिषद हैं?
उत्तर:
33 जिला परिषद्।

प्रश्न 10.
राजस्थान में कितनी पंचायत समिति हैं?
उत्तर:
295 पंचायत समिति हैं।

प्रश्न 11.
राजस्थान में कुल कितने गाँव हैं?
उत्तर:
45493 गाँव हैं।

प्रश्न 12.
राजस्थान में कितनी नगरपालिकायें हैं?
उत्तर:
147 नगरपालिकायें हैं।

प्रश्न 13.
राजस्थान की कितनी जनसंख्या है?
उत्तर:
6.85 करोड़ (2011 की जनगणना)।

प्रश्न 14.
राजस्थान में जनसंख्या घनत्व कितना
उत्तर:
200 व्यक्ति प्रतिवर्ग किमी।

प्रश्न 15.
राजस्थान का क्षेत्रफल मॉरीशस से कितना अधिक है?
उत्तर:
171 गुना अधिक है।

प्रश्न 16.
राजस्थान का क्षेत्रफल श्रीलंका से कितना अधिक है?
उत्तर:
5 गुना अधिक है।

प्रश्न 17.
भारत की कुल जनसंख्या कितनी आँकी गई है?
उत्तर:
121.06 करोड़ (2011 की जनगणना।)

प्रश्न 18.
2001 से 2011 तक भारत की जनसंख्या में कितने प्रतिशत वृद्धि हुई है?
उत्तर:
17.7%

प्रश्न 19.
2001 से 2011 तक राजस्थान में कितने प्रतिशत वृद्धि हुई है?
उत्तर:
21.3%

प्रश्न 20.
2011 की जनगणना के अनुसार | राजस्थान का जनसंख्या की दृष्टि से कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
आठवाँ स्थान है।

प्रश्न 21.
आधारभूत ढाँचे के सापेक्ष विकास की दृष्टि से राजस्थान का कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
14वाँ।

प्रश्न 22.
राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत का उपभोग 2010-11 में कितना रहा?
उत्तर:
844 kWh (अनुमानतः)

प्रश्न 23.
राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत का उपभोग 2011-12 में कितना रहा?
उत्तर:
927.40 kWh

प्रश्न 24.
गुजरात व महाराष्ट्र में फैक्ट्रियों की संख्या राजस्थान से कितने गुना अधिक है?
उत्तर:
21 गुणा अधिक फैक्ट्रियाँ हैं।

प्रश्न 25.
नवम्बर 2015 में रिसर्जेन्ट राजस्थान का आयोजन कहाँ किया गया था?
उत्तर:
जयपुर में।

प्रश्न 26.
राजस्थान को भारतीय अर्थव्यवस्था का कैसा राज्य माना जाता है?
उत्तर:
राजस्थान को भारतीय अर्थव्यवस्था का एक विकासशील राज्य माना जाता है।

प्रश्न 27.
राजस्थान के किन जिलों की सीमा उत्तर प्रदेश से लगती है?
उत्तर:
भरतपुर और धौलपुर की सीमा उत्तर प्रदेश से लगती है।

प्रश्न 28.
राजस्थान की सीमा कितने राज्यों से मिलती है?
उत्तर:
पाँच राज्यों से मिलती है।

प्रश्न 29.
राजस्थान के किन जिलों की सीमा हरियाणा से लगती है?
उत्तर:
भरतपुर, अलवर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चुरू जिलों की सीमा हरियाणा से लगती है।

प्रश्न 30.
हनुमानगढ़, गंगानगर की सीमा किस राज्य से लगती है?
उत्तर:
हनुमानगढ़, गंगानगर की सीमा पंजाब राज्य से लगती है।

प्रश्न 31.
राजस्थान की मध्य प्रदेश से किन जिलों की सीमा लगी हुई है?
उत्तर:
बाँसवाड़ा, कोटा, बाराँ, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली की सीमा मध्य प्रदेश से लगती है।

प्रश्न 32.
राजस्थान के किन जिलों की सीमा गुजरात से लगती है?
उत्तर:
दक्षिण में डूंगरपुर, बाँसवाड़ा, जालौर, सिरोही की सीमा गुजरात से लगती है।

प्रश्न 33.
आधारभूत ढाँचे में किसका अध्ययन किया जाता है?
उत्तर:
आधारभूत ढाँचे में विद्युत, सिंचाई, सड़कें. रेलवे, डाकघर, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बैंकिंग स्थिति का अध्ययन किया जाता है।

प्रश्न 34.
राजस्थान में परमाणु ऊर्जा संयन्त्र कहाँ पर स्थित है?
उत्तर:
राजस्थान में परमाणु ऊर्जा संयन्त्र सिंगरोली, रिहन्द, दादरी व अत्ता परियोजना हैं।

प्रश्न 35.
मार्च 2014 के अन्त तक राजस्थान में शक्ति प्रतिस्थापक क्षमता कितनी थी?
उत्तर:
मार्च 2014 के अन्त तक राजस्थान में शक्ति प्रतिस्थापक क्षमता 14371.61 मेगावाट थी।

प्रश्न 36.
मार्च 2013 के अन्त में राजस्थान में रेलमार्ग की लम्बाई कितने किलोमीटर थी?
उत्तर:
5871.65 किमी थी।

प्रश्न 37.
राजस्थान के रेलमार्ग में ब्रॉड गेज का अंश कितना है?
उत्तर:
4801.18 किमी।

प्रश्न 38.
समस्त भारत में औसत जोत का आकार 2010-11 में कितना पाया गया था?
उत्तर:
औसत जोत का आकार 2010-11 में 1.15 हैक्टेयर पाया गया था।

प्रश्न 39.
कृषि जोत में भारत में राजस्थान का कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
कृषि जोत में भारत में राजस्थान का चतुर्थ स्थान है।

प्रश्न 40.
2009-10 में राजस्थान में भारत के कुल. कृषि क्षेत्रफल का कितना प्रतिशत पाया गया?
उत्तर:
11.3%

प्रश्न 41.
माही-बजाज सागर योजना से किस जिले की जलापूर्ति बढ़ी है? .
उत्तर:
माही-बजाज सागर योजना से बासँवाड़ा जिले की जलापूर्ति बढ़ी है।

प्रश्न 42.
उद्योग क्षेत्र में कौन-कौन से क्षेत्र शामिल
उत्तर:
उद्योग क्षेत्र में खनन, पंजीकृत विनिर्माण इकाइयाँ, अपंजीकृत विनिर्माण इकाइयाँ, विद्युत, गैस, जलापूर्ति एवं निर्माण क्षेत्र शामिल हैं।

प्रश्न 43.
सेवा क्षेत्र में कौन-कौन से क्षेत्र शामिल
उत्तर:
सेवा क्षेत्र में रेलवे, अन्य यातायात, भण्डारण संचार, व्यापार, होटल व रेस्टोरेन्ट, बैंकिंग व बीमा व अन्य सेवायें शामिल हैं।

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
राजस्थान की सीमा किन राज्यों से लगती है? बताइए।
उत्तर:
राजस्थान की सीमा उसके पाँच पड़ोसी राज्यों से लगती है। राजस्थान के भरतपुर व धौलपुर जिलों की सीमा उत्तर प्रदेश से, भरतपुर, अलवर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चुरू की सीमा हरियाणा से, हनुमानगढ़, गंगानगर की सीमा पंजाब से जुड़ी है। दक्षिण में डूंगरपुर, बाँसवाड़ा, सिरोही की सीमा गुजरात से, बाँसवाड़ा, कोटा, बारा, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली की सीमा मध्य प्रदेश से लगती है।

प्रश्न 2.
राजस्थान अर्थव्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ बताइए।
उत्तर:
राजस्थान अर्थव्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ-राजस्थान अर्थव्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं :

  1. राजस्थान का कुल क्षेत्रफल 3,42,239 वर्ग किमी० है जो भारत के कुल क्षेत्रफल का 10.41% है तथा क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है।
  2. राज्य की आधारभूत संरचना (बिजली, सड़क, परिवहन, दूरसंचार आदि) तथा सामाजिक आधारभूत संरचना (शिक्षा, चिकित्सा, सफाई आदि) आज भी कमजोर है लेकिन भविष्य में विकास की प्रबल सम्भावनाएँ हैं।।
  3. 2011 की जनगणना के आँकड़ों के अनुसार राजस्थान की जनसंख्या 6.85 करोड़ है जो बहुत ही तीव्र गति से बढ़ रही है जो एक चिन्ता का कारण है। जनसंख्या की दृष्टि से राजस्थान का देश में आठवाँ स्थान है।

प्रश्न 3.
जनसंख्या की दृष्टि से भारत में राजस्थान की स्थिति की विवेचना कीजिए।
उत्तर:
2011 की जनगणना के आँकड़ों के अनुसार राजस्थान की जनसंख्या लगभग 6.85 करोड़ है जबकि भारत की कुल जनसंख्या 121.06 करोड़ आँकी गई है। राजस्थान की जनसंख्या भारत की कुल जनसंख्या का लगभग 5.7% है। 2001 से 2011 तक भारत में जनसंख्या वृद्धि 17.7% हुई है जबकि राजस्थान में यह वृद्धि 21.3% हुई है, जो भारत की तुलना में अधिक तीव्र गति से बढ़ रही है। राजस्थान में वह वृद्धि चिन्ता का कारण बनी हुई है। 2011 की जनगणना के अनुसार जनसंख्या की दृष्टि से राजस्थान का आठवाँ स्थान है।

प्रश्न 4.
राजस्थान में विद्युत उत्पादन के स्रोत बताइए।
उत्तर:
राजस्थान में विद्युत उत्पादन के स्रोत कोटा व सूरतगढ़ तापीय संयन्त्र, धौलपुर गैस तापीय संयन्त्र, माहीपन बिजली परियोजना, पवन ऊर्जा, बायोमॉस, भाखड़ा, व्यास, चम्बल व सतपुड़ा अन्तर्राज्यीय भागीदारी परियोजनाएँ और राजस्थान में परमाणु ऊर्जा संयन्त्र सिंगरौली, रिहन्द, दादरी व अन्ता परियोजनाएँ है।

प्रश्न 5.
आधारभूत विकास में राजस्थान की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालिए।
उत्तर:
आधारभूत विकास में विद्युत, सिंचाई, रेलवे, डाकघर, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बैंकिंग स्थिति का अध्ययन किया जाता है। राजस्थान आधारभूत ढाँचे के सापेक्ष विकास की दृष्टि से 14वाँ स्थान रखता है। आधारभूत विकास में राज्य की स्थिति को निम्न बिन्दुओं से स्पष्ट किया जा सकता है

  1. राजस्थान में प्रति व्यक्ति विद्युत उपभोग अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी कम रहा है। 2011-12 में राज्य में प्रति व्यक्ति विद्युत उपभोग लगभग 927.40 किलोवाट रहा है जो गुजरात में लगभग 1663.30 किलोवाट घण्टा की तुलना में काफी कम है।
  2. राजस्थान में सड़कों की स्थिति अन्य राज्यों की अपेक्षा सन्तोषजनक नहीं है।
  3. राज्य में अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों का साक्षरता अनुपात काफी नीचा पाया गया है।
  4. बैंकिंग सुविधाओं की दृष्टि से राज्य में पर्याप्त विकास हो रहा है।

प्रश्न 6.
सड़कों का व्यवस्थित विकास क्यों जरूरी है?
उत्तर:
सड़कों का व्यवस्थित एवं सक्षम परिक्षेत्र राज्य के सन्तुलित एवं समावेशित विकास के लिये आवश्यक एवं महत्त्वपूर्ण साधन है। सड़कों का आधारभूत ढाँचा अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों के लिये कुशल एवं प्रभावशाली आधार तैयार करता है, इसके परिणामस्वरूप आर्थिक एवं सामाजिक लाभ प्राप्त होते हैं। एक राष्ट्र के आर्थिक विकास और उसके सड़क तन्त्र की गुणवत्ता के मध्य गहन सकारात्मक सह-सम्बन्ध होता है।

प्रश्न 7.
राजस्थान में कृषि की स्थिति को बताइए।
उत्तर:
राजस्थान एक कृषि प्रधान राज्य है। जिसकी लगभग 70% आबादी कृषि पर निर्भर रहती है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्त्वपूर्ण स्थान है जहाँ कुल राज्य की आय का लगभग आधा भाग कृषि एवं उससे सम्बन्धित कार्यकलापों से प्राप्त होता है। कृषि उत्पादन में सिंचाई सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण है।

प्रश्न 8.
राजस्थान में सिंचाई के स्रोतों की उपलब्धता पर टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
राजस्थान में सिंचाई के स्रोतों में काफी क्षेत्रीय विषमतायें पाई जाती हैं। कुछ क्षेत्र तो ऐसे हैं जहाँ खेती के लिए भूमिगत जल उपलब्ध है जबकि कुछ क्षेत्रों में नहरों की सहायता लेनी पड़ती है। राजस्थान में चम्बल, माही, राबी, व्यास, नदियों से जल प्राप्त हो रहा है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर व जोधपुर जिलों को इन्दिरा गाँधी नहर से पानी मिल रहा है जबकि चम्बल से कोटा, बारा, बूंदी व सवाई माधोपुर को जलापूर्ति हो रही है। राजस्थान में कृषि सिंचाई मुख्य रूप से वर्षा के पानी पर निर्भर करती है।

प्रश्न 9.
प्रमुख फसलों के उत्पादन में राजस्थान का देश में कौन-सा स्थान है?
उत्तर:
प्रमुख फसलों के उत्पादन में राजस्थान देश के तिलहन उत्पादन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण राज्य के रूप में उभरा है। देश के तिलहन उत्पादन का लगभग 1/8 भाग राजस्थान में होता है। राई व सरसों के उत्पादन में राजस्थान अग्रणी राज्य हो गया है। देश के कुल उत्पादन का आधा भाग (राई व सरसों) राजस्थान में पाया जाता है।

प्रश्न 10.
राजस्थान में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये सरकार क्या कर रही है?
उत्तर:
राजस्थान की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे प्रगति करने वाली तथा औद्योगिक दृष्टि से पिछड़ी हुई अर्थव्यवस्था है। परन्तु धीरे-धीरे राज्य में औद्योगिक वातावरण का माहौल तैयार करने के लिये राज्य सरकार औद्योगिक नीतियाँ बनाकर प्रयत्नशील है। नवम्बर 2015 में रिसर्जेन्ट के तहत देश-विदेश के उद्योगपतियों का सम्मेलन जयपुर में किया गया जिससे राज्य में निवेश का वातावरण बन सके।

RBSE Class 11 Economics Chapter 23 निबंधात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
आधारभूत ढाँचे में राजस्थान की स्थिति समझाइये।
उत्तर:
आधारभूत ढाँचे में विद्युत, सिंचाई, सड़कें, रेलवे, डाकघर, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बैंकिंग स्थिति का अध्ययन किया जाता है। राजस्थान गैर-विशिष्ट श्रेणी के राज्यों में आता है। आधारभूत ढाँचे के सापेक्ष विकास सूचकांक की दृष्टि से राजस्थान का 14वाँ स्थान है। इसका अर्थ है कि राज्य अत्यधिक पिछड़ा हुआ है। आधारभूत ढाँचे के विकास में राज्य की स्थिति निम्न प्रकार है :

  1. राजस्थान में विद्युत उत्पादन के प्रमुख स्रोत कोटा व सूरतगढ़ संयन्त्र, धौलपुर गैस तापीय संयन्त्र या माहीपनबिजली परियोजना, पवन ऊर्जा, बायोमास, भाखड़ा, व्यास, चम्बल व सतपुड़ा अन्तर्राज्यीय भागीदारी परियोजनायें और राजस्थान में परमाणु ऊर्जा संयन्त्र सिंगरौली, रिहन्द, दादरी व अत्ता परियोजनायें वर्ष 2014 के अन्त तक राजस्थान में शक्ति प्रतिस्थापक क्षमता 14371.61 मेगावाट थी, जिसमें 5406.30 मेगावाट क्षमता राज्य के स्वयं स्वामित्व से प्राप्त हो रही थी। राजस्थान में प्रतिव्यक्ति विद्युत उपभोग 2011-12 में लगभग 927.40 kWh रहा जो गुजरात के लगभग 1663.20 kWh की तुलना में काफी नहीं है।
  2. दिसम्बर 2014 के अन्त में राजस्थान में प्रति 100 वर्ग किमी क्षेत्रों पर सड़कों की लम्बाई 59.90 किमी रहने का अनुमान है, जबकि राष्ट्रीय औसत 148 किमी आंका गया है जिसकी तुलना में राज्य की स्थिति सन्तोषजनक नहीं है।
  3. मार्च 2013 के अन्त में राज्य में रेलमार्ग की लम्बाई 5871.65 किमी थी। जिसमें ब्राड गेज का अंश 4801.18 किमी, मीटर गेज का 983.71 किमी एवं शेष 86.76 किमी नैरो गेज का था। इसको भी सन्तोषजनक नहीं कहा जा सकता है।
  4. राज्य में अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों में साक्षरता का अनुपात काफी नीचा पाया जाता है। इस दिशा में भी काफी प्रयासों की आवश्यकता है। राज्य में साक्षरता का अनुपात काफी नीचा है। 2011 में यह 66.1% रहा, जबकि पुरुषों के लिये 79.2% महिलाओं के लिये 52.1% था।
  5. बैंकिंग सुविधाओं की दृष्टि से राजस्थान की स्थिति सन्तोषजनक कही जा सकती है। जून 2014 में प्रतिवर्ष जनसंख्या पर बैंकों की संख्या की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश का प्रथम स्थान रहा, भारत की दृष्टि से राजस्थान ज्यादा पीछे नहीं है।
  6. आर्थिक सर्वे 2014-15 के अनुसार राजस्थान की जन्मदर भारत की औसत जन्म-दर से अधिक है। मृत्यु-दर में कोई अन्तर नहीं है। लेकिन शिशु मृत्युदर भारत की तुलना में राजस्थान में अधिक है।

All Chapter RBSE Solutions For Class 11 Economics Hindi Medium

All Subject RBSE Solutions For Class 11 Hindi Medium

Remark:

हम उम्मीद रखते है कि यह RBSE Class 11 Economics Solutions in Hindi आपकी स्टडी में उपयोगी साबित हुए होंगे | अगर आप लोगो को इससे रिलेटेड कोई भी किसी भी प्रकार का डॉउट हो तो कमेंट बॉक्स में कमेंट करके पूंछ सकते है |

यदि इन solutions से आपको हेल्प मिली हो तो आप इन्हे अपने Classmates & Friends के साथ शेयर कर सकते है और HindiLearning.in को सोशल मीडिया में शेयर कर सकते है, जिससे हमारा मोटिवेशन बढ़ेगा और हम आप लोगो के लिए ऐसे ही और मैटेरियल अपलोड कर पाएंगे |

आपके भविष्य के लिए शुभकामनाएं!!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *